30 मिनट्स फॉर मी

Share this:

आज हम सबके पास जो चीज सबसे कम है, वह है समय। इतना सारा काम 24 घंटे में ही करना है, तो अपने लिए समय कैसे निकाले, यह एक बड़ी समसामयिक समस्या है। लेकिन धन-दौलत, रिश्ते-नाते और यहाँ तक कि मुश्किल से मिले फुर्सत के पलों, का भी हम तभी आनंद ले पाते हैं, जब हम स्वस्थ्य होते हैं। इसलिए 24 घंटे में कम-से-कम 30 मिनट अपने लिए जरूर निकालिए। एक ऐसा 30 मिनट जिसमें आप केवल अपने साथ हों। जहाँ तक संभव हो कोशिश करें ये 30 मिनट अकेले हों। अगर भौतिक रूप से ऐसा संभव नहीं हो सके तो कम-से-कम वैचारिक रूप से ऐसा जरूर करें। अपने सर्वांगीण स्वास्थ्य के लिए इसे अनिवार्य मान कर अभ्यास शुरू करें। विश्वास कीजिए आपके लिए आप से बढ़ कर कोई शिक्षक, कोई गुरु, कोई डॉक्टर या सलाहकार नहीं हो सकता है।

30 मिनट का विभाजन

अपने इस 30 मिनट के सत्र (सेशन) को तीन भागों में विभाजित कर लें:

Þ 10 मिनट मानसिक स्वस्थ्य के लिए जिसे हमने ‘10 मिनट्स फॉर हैप्पिनेस’ नाम दिया है;

Þ 5 मिनट अपने कामों को व्यवस्थित करने के लिए अर्थात ‘5 मिनट्स फॉर अरेंजमेंट्स’;

Þ 15 मिनट शारीरिक गतिविधियों के लिए यानि ’15 मिनट्स फॉर फिटनेस’।

10 मिनट्स फॉर हैप्पिनेस

आत्म-विश्लेषण

इसे भी आप 5-5 मिनट के दो भागों में बाँट सकते हैं। पहले पाँच मिनट में आप अपना विश्लेषण एक पर्यवेक्षक या दर्शक की नजर से कीजिए। अर्थात आप अपने जीवन के अच्छे या बुरे पहलुओं को, या यादों को उसका भाग बने बिना, उससे प्रभावित हुए बिना निष्पक्ष होकर देखिए। क्योंकि जो बीत चुका है उसे आप बदल नहीं सकते और जो आने वाला है उसे आप देख नहीं सकते। इस तरह से आप इन पाँच प्रश्नों के उत्तर अपनेआप को दीजिए। (अगर इन उत्तरों को लिख लें तो ज्यादा अच्छा परिणाम होगा।)

Read Also  रसोई के डॉक्टर्स  

1. अभी आपके लिए सबसे बड़ा लक्ष्य क्या है? अर्थात कौन सा कार्य आपके लिए प्राथमिक है? (बच्चों की पढ़ाई या कॅरियर, अपना कॅरियर व्यवस्थित करना या अपना बिजनेस बढ़ाना, परिवार के किसी सदस्य की बीमारी, कोई प्रॉपर्टि लेना, इत्यादि ऐसे कार्य हो सकते हैं।)

2. अभी आपके लिए सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति कौन-कौन हैं? (पति/पत्नी, माता-पिता, बच्चे, ऑफिस में आपके बॉस इत्यादि) 

3. अभी आपके लिए सबसे बड़ी समस्या क्या है? (आर्थिक तंगी, घरेलू कलह, ऑफिस में एडजस्ट नहीं कर पाना, आपकी या आपके किसी अपने की खराब स्वस्थ्य इत्यादि)

4. आपकी सबसे बड़े शक्ति क्या है? (आपके पास पैसा और प्रॉपर्टि है, आपके पास कोई विशेष व्यावसायिक शिक्षा या अनुभव है, आप मेहनत कर सकते हैं, आपके परिवार के सदस्य या मित्र मंडली आपकी चिंता किया करते हैं, आपकी जान पहचान बहुत से लोगों से है, इत्यादि)

5. कल पूरे दिन आपने क्या-क्या किया और क्या-क्या सोचा? (आपके मस्तिष्क में जो भी अच्छे या बुरे ख्याल आते हैं उनके प्रति सजगता भी जरूरी है। इसलिए इस पर जरूर विचार करें कि आपके मस्तिष्क में किस तरह के विचार आते हैं।)

(…..शेष अगले अंक में)

  ****